– किसानों की समस्या से हुए रूबरू
अनोखा तीर, हरदा। मंडी प्रांगण की अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सांई ने हरदा मंडी का भ्रमण कर एसडीएम शैलेन्द्र बडोनिया से चर्चा की और जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर निराकरण की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि मंडियों में किसानों को भारी परेशानी हो रही है। प्रवेश पर्ची के लिए चार-चार घंटे लाइन में लगना पड़ रहा है, उपज का सही दाम नहीं मिल रहा। पीने के पानी तक की सुविधा नहीं है। हरदा और खिरकिया मंडी में किसानों को तीन-तीन दिन सड़क पर रात गुजारनी पड़ रही है। रबी बोवनी, खाद-बीज और दीपावली के चलते अभी आवक ज्यादा है, पर व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि हरदा और खिरकिया में 45 से 50 गार्ड हैं, पर ट्रालियां व्यवस्थित कराने वाला कोई नहीं। गार्ड कहां ड्यूटी कर रहे हैं, पता नहीं। किसानों की उपज औने-पौने दाम पर खरीदी जा रही है, जबकि अन्य मंडियों में ज्यादा भाव हैं। जिला कांग्रेस ने मांग की कि प्रवेश पर्ची ट्रालियों पर ही दी जाए, प्रवेश द्वार पर टोकन व्यवस्था लागू हो ताकि पहले आने वाले किसान को प्राथमिकता मिले, विवाद न हो और उपज का उचित मूल्य मिले। भ्रमण के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ विश्नोई, प्रेरक सारण, सतीश भादू सहित किसान उपस्थित रहे।







