Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
हरदा

विद्यार्थियों में जागरुकता लाने हुआ जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम

3 min read
33 2
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। कॉलेज के विद्यार्थियों में सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस बल हरदा एवं उच्च शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल के तहत स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय, हरदा में जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक सहित पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक शशांक ने युवा सृजन का अर्थ समझाते हुए युवाओं की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज की सकारात्मक ऊर्जा एवं परिवर्तन का वाहक है। युवाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता का उपयोग सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने, कानून का सम्मान करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने युवा वर्ग के सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होने एवं दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि पर चिंता व्यक्त की। विद्यार्थियों को सुरक्षित वाहन चालन की समझाइश दी और जिले एवं देश में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु के आंकड़ों से अवगत कराया। छात्राओं को वर्तमान में घटित हो रहे साइबर अपराधों के बारे में बताया और उनसे बचने, अपराधों के विस्तार को रोकने तथा अपराध घटित होने पर तुरंत पुलिस से सहयोग लेने हेतु प्रेरित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा ने विभिन्न प्रकार के अपराधों, उनके घटित होने के तरीकों तथा पुलिस द्वारा की जाने वाली वैधानिक कार्रवाई की जानकारी दी और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने के लिए प्रेरित किया। उप पुलिस अधीक्षक महिला सेल अरुणा सिंह ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, महिलाओं के कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं साइबर उत्पीड़न जैसे विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 112 (आपातकालीन सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन) और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए किसी भी परेशानी में बिना संकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक वर्षा गौर ने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने, तेज गति से बचने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता, लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया एवं निर्धारित आयु पूर्ण होने पर वैध लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाने की जानकारी दी। साइबर शाखा में पदस्थ आरक्षक मनोज ने साइबर अपराध एवं ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने तथा विभिन्न वित्तीय ठगी के तरीकों की जानकारी दी। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ह्रञ्जक्क एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के उपयोग की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज की जानकारी दी। इस दौरान छात्रा प्रिया मैत्रेय एवं अंकिता गायकवाड बीएससी फाइनल द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड संबंधी पूछे गए प्रश्नों व जिज्ञासा का समाधान किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (महिला सेल) अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी वर्षा गौर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य राजेश गौर, प्रशासनिक अधिकारी एवं विधि महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य वी.के. बिछोतिया, प्राध्यापक शारदा पाण्डे, जसकरण सिंह राजपूत सहित समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बसंत सिंह राजपूत ने किया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply