-छात्रों से सुविधाओं, भोजन और रहन-सहन की ली जानकारी, लक्ष्य हासिल करने के दिए सुझाव
अनोखा तीर, हरदा। अपर संचालक लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल श्रीमती नंदा भलावे ने डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदा स्थित बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की प्रारंभिक व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास के छात्र कक्षों में पहुंचकर विद्यार्थियों से उन्हें मिलने वाली सुविधाओं, रहन-सहन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। इसके बाद मेस का निरीक्षण कर मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं तथा भोजन की गुणवत्ता की जानकारी छात्रों से ली। उन्होंने किचन का निरीक्षण करने के साथ रसोइयों से भी चर्चा की और उनके द्वारा तैयार किए जा रहे भोजन की जांच की। अपर संचालक ने छात्रावास के बरामदे, शौचालय एवं अन्य स्थानों का भी निरीक्षण किया। छात्रावास को मिले आईएसओ अवार्ड, साफ-सफाई, शौचालयों की स्वच्छता, विद्यार्थियों के कक्षों की व्यवस्था, जन्मदिन मनाने सहित अन्य गतिविधियों के लिए वार्डन श्री पुरुषोत्तम राठौर की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य छात्रावासों का रखरखाव भी इसी तरह बेहतर होना चाहिए, ताकि प्रत्येक छात्र अपने लक्ष्य और छात्रावास में देखे गए सपनों को पूरा कर सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को एकत्रित कर उनके एम्स (लक्ष्य) के बारे में पूछा तथा लक्ष्य हासिल करने के तरीकों को लेकर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान श्रीमती भलावे ने अपना परिचय देने के साथ निरीक्षण दल के सदस्यों का भी परिचय कराया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी, डीपीसी टोप्पो मैडम, विकासखंड शिक्षा अधिकारी टिमरनी शशांक पालीवाल एवं एपीसी पीएन कीर मौजूद रहे।




