हरदा शहर के प्रस्तावित दो बायपास मार्गों की प्रक्रिया तेज

-प्रभावित 69 किसानों से बैंक खाते की जानकारी मांगी
– मुआवजा राशि भुगतान की तैयारी
अनोखा तीर, हरदा। शहर के प्रस्तावित दो बायपास मार्गों के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। तहसील कार्यालय हरदा द्वारा इंदौर रोड से खंडवा मार्ग तक तथा रेलवे डबल फाटक-बिरजाखेड़ी मार्ग एवं मगरधा रोड के प्रस्तावित बायपास रिंग रोड के कार्य को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रस्तावित मार्ग निर्माण से प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि का भुगतान करने के लिए उनसे बैंक का नाम, खाता नंबर एवं आईएफएससी कोड की जानकारी मांगी जा रही है, ताकि मुआवजा राशि उनके बैंक खातों में जमा की जा सके। जानकारी के अनुसार प्रस्तावित मार्ग निर्माण से प्रभावित बैरागढ़, रिछारिया, खेड़ी मेहमूदाबाद, बिरजाखेड़ी, मगरधा मार्ग एवं दूधकच्छ क्षेत्र के कुल 69 किसानों की सूची जारी की गई है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मनसुख लोहाना ने बताया कि उक्त मार्गों को शीघ्र पूर्ण करने की अनुशंसा पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के निर्देश पर प्रारंभ की गई है। बायपास मार्गों का निर्माण पूर्ण होने के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की बात कही गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रस्तावित कार्य को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की है।

14 Views

Leave a Reply