गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही

-गौसेवकों ने किया पुलिस कर्मचारियों का  सम्मान

अनोखा तीर, हरदा। हरदा में गौवंश की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ टिमरनी थाना पुलिस की कार्रवाई पर गौ एवं गौशाला उत्थान संघ जिला हरदा ने पुलिसकर्मियों का सम्मान किया। संघ ने पुलिस का आभार भी जताया। गौ एवं गौशाला उत्थान संघ के मुताबिक, कुछ दिन पहले रात में टिमरनी थाना पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान छिदगांव-सिवनी मालवा मार्ग पर एक संदिग्ध सब्जी वाहन दिखा। वाहन के ऊपर सब्जियों की कैरेट रखी हुई थीं। पुलिस ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक उसे तेज रफ्तार से भगाकर ले गया। पुलिस ने पीछा कर टेमा गांव के पास वाहन को पकड़ा और जब्त कर लिया। जांच में वाहन के अंदर 11 गौवंश मिले। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला और टेमागांव के सतपुड़ा गौ अभ्यारण पहुंचाया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक और परिचालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। गौवंश की सुरक्षा के लिए की गई इस कार्रवाई पर गौ एवं गौशाला उत्थान संघ जिला हरदा के पदाधिकारियों और गौसेवकों ने थाना प्रभारी मुकेश गौड़ और एसआई दिनेश शेखावत का स्वागत किया। उन्होंने पुलिस को धन्यवाद भी दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस से अपील की कि वे भविष्य में भी रात में ऐसे ही खास अभियान चलाकर गौवंश के अवैध परिवहन पर कार्रवाई करें। संगठन ने जब्त किए गए वाहन को नियम के मुताबिक राजसात करने की मांग भी की। इस मौके पर गौ एवं गौशाला उत्थान संघ के जिला अध्यक्ष अनिल गीते, संभाग अध्यक्ष नारायण राजपूत, बबलू भैया, पुरुषोत्तम गुर्जर समेत कई गौसेवक मौजूद थे।

0 Views

Leave a Reply