बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने की अपील

अनोखा तीर, हरदा। जिले में हो रही बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर पानी एकत्रित होने से मच्छरों की संख्या में वृद्धि की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि जलजमाव से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने आमजन से अपने घरों और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने देने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि गमलों, कूलर, पानी की टंकियों, पुराने बर्तनों, टायरों तथा कबाड़ में पड़े ऐसे सामान जिनमें वर्षा का पानी एकत्रित हो सकता है, उनकी नियमित रूप से साफ-सफाई एवं निगरानी करें। जहां पानी खाली करना संभव न हो, वहां जला हुआ मोबिल ऑयल डाला जा सकता है।
लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
सीएमएचओ डॉ. सिंह ने कहा कि यदि किसी को तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते पड़ना, नाक अथवा मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे संदिग्ध लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर जांच एवं आवश्यक उपचार कराएं।
बचाव के उपाय अपनाने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों से बचाव के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने तथा मॉस्किटो कॉइल जैसे घरेलू उपाय अपनाने की सलाह दी है। साथ ही शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने जैसे पारंपरिक उपाय भी प्रभावी बताए गए हैं।

0 Views

Leave a Reply