खेतों में पहुंचे कृषि अधिकारी

-सोयाबीन फसल का अवलोकन, किसानों को दिए आवश्यक सुझाव
अनोखा तीर मसनगांव। खरीफ सीजन में सोयाबीन की फसल की स्थिति जानने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने मसनगांव क्षेत्र के विभिन्न खेतों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति, पौधों की वृद्धि तथा संभावित रोगों का अवलोकन किया और किसानों से फसल संबंधी जानकारी ली। उपसंचालक कृषि प्रकाश ठाकुर, कृषि अधिकारी संगीता डाबर तथा कृषि विस्तार अधिकारी दीपेश चंद्रवंशी सहित विभागीय अमले ने ग्राम के किसानों के खेतों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने किसान सुधीर भायरे और आयुष दीपावरे के खेतों में पहुंचकर सोयाबीन की फसल का बारीकी से निरीक्षण किया। खेतों में फसल की स्थिति देखने के बाद अधिकारियों ने वर्तमान अवस्था के अनुसार उत्पादन की संभावनाओं को लेकर किसानों से चर्चा की।
बीमारी प्रभावित प्रजातियों का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से उन खेतों का भी जायजा लिया, जहां 2117, 2172 और 2555 प्रजाति की सोयाबीन बोई गई है। क्षेत्र में इन प्रजातियों की फसल में पीला पड़ने और सूखने जैसी समस्या सामने आने के बाद कृषि विभाग की टीम ने पौधों की स्थिति देखी तथा किसानों से फसल में दिखाई दे रहे लक्षणों की जानकारी ली। अधिकारियों ने किसानों को फसल की नियमित निगरानी करने, खेत में पौधों की स्थिति पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार के रोग या कीट के लक्षण दिखाई देने पर कृषि विभाग को सूचना देने की सलाह दी। उन्होंने किसानों को फसल की वर्तमान अवस्था में आवश्यक सावधानी बरतने की जानकारी भी दी। कृषि विभाग के अधिकारियों के खेतों में पहुंचकर किए गए निरीक्षण से किसानों को फसल की स्थिति और रोग प्रबंधन संबंधी जानकारी मिली। अधिकारियों ने कहा कि फसल की स्थिति का लगातार अवलोकन कर किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply