धान जिला न्यायाधीश रघुवंशी ने जिला जेल का किया औचक निरीक्षण

अनोखा तीर हरदा। प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविंद रघुवंशी ने शनिवार को जिला जेल हरदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरक में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात कर उनके प्रकरण में अधिवक्ता नियुक्त है या नहीं, स्वास्थ्य परीक्षण, परिवारजनों से मुलाकात, न्यायालय में पेशियां, रहन-सहन, खान-पान और साफ-सफाई के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिला जेल में संचालित लीगल एड क्लीनिक एवं पुरुष एवं महिला बैरकों का भी निरीक्षण कर बंदियों को प्राप्त होने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे रसोई घर, पीने के पानी, बैरकों में साफ-सफाई, स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। पाकशाला में निर्मित भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष, डिस्पेंसरी और लीगल एड हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि जेल में कुल 225 बंदी (31 दंडित, 194 विचाराधीन) निरुद्ध हैं जिनमें 219 पुरुष एवं 6 महिलाएं हैं, जबकि जेल की क्षमता 90 बंदियों की है। जेल में क्षमता से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। निरीक्षण के दौरान 18 वर्ष से कम आयु का कोई बंदी परिरुद्ध नहीं पाया गया।
विधिक जागरूकता शिविर भी लगाया
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जेल में विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में रघुवंशी ने जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक, टोल फ्री नंबर 15100, नि:शुल्क विधिक सहायता योजना, अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, बंदियों के अधिकार और प्री-मेच्योर रिलीज के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट लवकेश सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंद्रशेखर राठौर, जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे, अधीक्षक जिला जेल दिलीप सिंह सहित जेल स्टाफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स और पैरालीगल वॉलेंटियर उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply