अनोखा तीर, हरदा। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मध्यप्रदेश के आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने शुक्रवार को हरदा जिले का प्रवास किया। प्रवास के दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। आयुक्त तिवारी ने जिले में संचालित स्थानीय वृद्धाश्रम एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं, हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से चर्चा कर उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
ई-ऑफिस प्रणाली की सराहना
समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने पाया कि हरदा जिले में विभाग के अधिकांश शासकीय कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से किए जा रहे हैं। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग को एक अच्छी एवं सराहनीय पहल बताते हुए इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस से कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और निगरानी बेहतर होती है।
ई-एचआरएमएस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारियों की प्रशंसा
इस अवसर पर ई-एचआरएमएस पोर्टल पर मध्यप्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मचारियों अभिषेक साहू एवं पवन किरार के कार्यों की आयुक्त द्वारा विशेष रूप से सराहना की गई। आयुक्त तिवारी ने हरदा जिले में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सामाजिक न्याय आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने किया हरदा जिले का प्रवास

2 Views


