सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता

अनोखा तीर, हरदा। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को हरदा में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा मध्यप्रदेश द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में सेवा, जनभागीदारी, रचनात्मकता, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यकर्ता अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटें और सेवा कार्यों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। संगठन के कार्यकर्ता अभियान की गतिविधियों को बूथ एवं मंडल स्तर तक पहुंचाकर जन-जन की सहभागिता सुनिश्चित करें। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता संजय शाह एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अमर सिंह मीणा मंचासीन रहे।
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में बना विश्व कीर्तिमान
जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर की शाम को मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 55 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उज्जैन में महाकाल लोक एवं मां शिप्रा के तट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में 33.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किया गया, जिसे वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। मध्यप्रदेश के 118 प्रमुख स्थानों सहित लगभग 650 से अधिक अन्य स्थानों पर बड़े स्तर पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में 292 रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत 25 हजार से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है।
50 हजार से अधिक विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी
जामवाल ने कहा कि विकसित भारत 2047 विषय पर मध्यप्रदेश के 50 हजार से अधिक विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित भारत के संकल्प के प्रति जागरूकता और रचनात्मक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नमो सेवा-अनकही कहानियां अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर तक प्रदेशभर में 11 हजार स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकार स्थानीय भाषाओं में प्रमुख स्थानों, चौपालों एवं शिक्षण संस्थानों के आसपास प्रस्तुतियां देंगे। इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि इन सभी अभियानों के जरिए प्रधानमंत्री के कार्यों व उनकी सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएं।

2 Views

Leave a Reply