नर्मदा की अवैध रेत पर करताना पुलिस का शिकंजा

-दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं, 20 हजार की रेत जप्त

अनोखा तीर, करताना। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अवैध रेत परिवहन पर करताना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस चौकी करताना की टीम ने अवैध रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर करीब 20 हजार रुपए कीमत की अवैध बालू रेत जप्त की है। पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा एवं एसडीओपी टिमरनी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी टिमरनी के नेतृत्व में चौकी करताना द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 सितंबर 2026 को दो अलग-अलग कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है।
पहली कार्रवाई :
-जॉन डियर ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
पुलिस चौकी करताना को मुखबिर से सूचना मिली कि हरे रंग के जॉन डियर ट्रैक्टर में लाल रंग की ट्रॉली लगाकर नर्मदा नदी की चोरी की हुई बिना रॉयल्टी की रेत गोगिया से सन्यासा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ग्राम सन्यासा रवाना हुई। शासकीय स्कूल के सामने गोगिया-सन्यासा रोड पर उक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम संदीप पिता तोताराम साकल्ले, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम नांदरा, चौकी करताना, थाना टिमरनी बताया। रेत की वैध रॉयल्टी प्रस्तुत नहीं करने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित, जिसमें अवैध बालू रेत भरी थी, अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए, पंचों के समक्ष शाम जप्त किया गया।
दूसरी कार्रवाई :
-पावर ट्रेक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि नांदरा तरफ से एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रेत भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ग्राम गोगिया पहुंची, जहां नांदरा तरफ से एक नीले रंग का पावर ट्रेक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। उसे रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम विजय पिता लखनलाल मेहरा, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम छिपानेर, हाल निवासी ग्राम सन्यासा, थाना टिमरनी बताया। ट्रॉली में भरी रेत की वैध रॉयल्टी मांगने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आरोपी के कब्जे से ट्रैक्टर पावर ट्रेक कंपनी, नीले रंग का, बिना नंबर की हरे रंग की ट्रॉली सहित, जिसमें अवैध बालू रेत भरी थी, अनुमानित कीमत 10 हजार रुपए, पंचों के समक्ष शाम 5 बजे जप्त किया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी करताना उप निरीक्षक प्रकाश सोलंकी, सउनि सुरेंद्र श्रीवास्तव, प्रआर. दीपक जाट, सैनिक रुपसिंह राजपूत सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी एवं अवैध परिवहन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Views

Leave a Reply