-जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से ले : कांग्रेस
अनोखा तीर टिमरनी। गत दिवस उत्कृष्ट बालिका छात्रावास की छात्राओं ने भोजन एवं अन्य सुविधाओं में लापरवाही को लेकर हॉस्टल अधीक्षक की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी टिमरनी से की थी, परंतु शिकायत करने के बाद अधीक्षक एवं जिला अधिकारी द्वारा छात्राओं को डराया धमकाया जा रहा है। जिससे छात्राएं भयभीत हैं। वर्तमान में 50 छात्राओं वाले इस हॉस्टल में मात्र 21 छात्राएं ही रह रही है जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि छात्राओं के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। शिकायत के बाद भी जिला प्रशासन द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लेना कई सवाल खड़े कर रहा है। उक्त आरोप लगाते हुए पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने बताया कि जिला प्रशासन को छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेना चाहिए, शिकायत करने के बाद छात्राओं को अधीक्षिका द्वारा धमकाया जा रहा है एवं जिला अधिकारी ने भी शिकायत करने पर जांच के दौरान छात्राओं से नाराजगी प्रकट की और कहा कि आपने मामले की बाहर शिकायत क्यों की। यह गंभीर सवाल है वह छात्राएं जो दूर-दराज से आकर छात्रावास में रह रही हैं अधिकारियों के इस रवैये से वह भयभीत है। जायसवाल ने बताया कि अधीक्षिका के व्यवहार एवं सही खान-पान नहीं मिलने के कारण कई छात्राएं अपने घर चली गई हैं। मात्र 20 से 21 छात्राएं ही वर्तमान में हॉस्टल में रह रही है। ऐसे में विभाग द्वारा सिर्फ अधीक्षिका को हटा देना मात्र ही विकल्प नहीं है वहां की अंदर की व्यवस्थाओं को भी सुधारना होगा। छात्रावास में छात्राओं को शासन से मिलने वाली पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं मेनू के आधार पर उन्हें भोजन नहीं दिया जा रहा है। चर्चा के दौरान छात्राओं ने यहां तक बताया कि जब उनके अभिभावक या माता-पिता मिलने आते हैं तो उनसे मिलने नहीं दिया जाता है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि यदि जिला प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो जो शेष बची छात्राएं भी हॉस्टल छोड़कर चली जाएगी। छात्राओं की शिकायत के बाद जिला प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी अभी तक मौके पर नहीं गया है जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि जिला प्रशासन इसके प्रति कितना गंभीर है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने इस पूरे मामले में जिला कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए हॉस्टल की व्यवस्थाओं को सुधारने की भी बात कही है, जनविश्वास अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को सरकार से मिलने वाली सुविधा एवं सहायता के दावों में कितनी सच्चाई है, ये छात्राओं की पीड़ा से साबित हो रहा है।
शिकायत के बाद छात्रावास की छात्राएं भयभीत

0 Views
