कलेक्टर ने स्कूल, आंगनबाड़ी एवं उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण

अनोखा तीर हरदा। जनविश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने शुक्रवार को ग्राम कड़ोला उबारी में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित विद्यार्थियों व शिक्षकों से चर्चा कर अध्ययन-अध्यापन एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान आधार संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर कलेक्टर ने ग्राम में आधार शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वामित्व योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी देने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने ग्राम की आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां पोषण आहार एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने जिले की समस्त आंगनबाड़ियों में पोषण आहार वितरण की व्यवस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को दिए। इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम की उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान में उपलब्ध राशन की स्थिति, वितरण व्यवस्था एवं हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली। यहां राशन वितरण की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सेल्समैन को हटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्राम मसनगांव में भी उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया।

0 Views

Leave a Reply