
-सामाजिक चेतना एवं अध्ययन केंद्रों का अवलोकन
अनोखा तीर हरदा। उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में साक्षरता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में हरदा एवं खिरकिया विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में सामाजिक चेतना केंद्र एवं अध्ययन केंद्रों का अवलोकन किया गया। जिला सह समन्वयक मुकेश शर्मा, विकासखंड सह समन्वयक जसवंत ईगले एवं मुकेश वारवे तथा संकुल सह समन्वयकों मुकेश देवड़ा द्वारा ग्राम सुखरास की माध्यमिक शाला, हाई स्कूल एवं माध्यमिक शाला खामापड़वा, माध्यमिक शाला डगावाशंकर, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिराली, बालक उच्चतर माध्यमिक शाला सिराली, एकीकृत माध्यमिक शाला खुदिया एवं हाई सेकेंडरी स्कूल खुदिया का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान शासकीय भवनों पर साक्षरता संबंधी नारों का लेखन कराया गया तथा सामाजिक चेतना केंद्र एवं अध्ययन केंद्रों की गतिविधियों का अवलोकन किया गया। साथ ही मिडिल स्कूल एवं हाई स्कूलों में विद्यार्थियों को साक्षरता की शपथ दिलाई गई और अक्षर साथी बनाए जाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि कक्षा 9वीं एवं 10वीं तथा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी अक्षर साथी बनकर अपने आसपास के चार-चार असाक्षरों को चिन्हांकित करेंगे तथा उन्हें पढ़ने-लिखने और आवश्यक साक्षरता कौशल प्राप्त कराने में सहयोग करेंगे। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा से वंचित वयस्कों को साक्षर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक मूल्यांकन में भी लाभ मिलेगा। कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को चार असाक्षरों को साक्षर बनाने की गतिविधि पर सामाजिक विज्ञान विषय में प्रोजेक्ट के अंक प्रदान किए जाएंगे, जबकि कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को राजनीतिक विज्ञान विषय में इसका लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों से आह्वान किया कि सक्रिय सहभागिता करते हुए उल्लास-नवभारत साक्षरता अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के संकल्प में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।


