Skip to content
Friday, 6 November 2026
हरदा

महर्षि ज्ञानपीठ के चार विद्यार्थियों का संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए चयन

2 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हरदा के चार विद्यार्थियों का चयन संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। चयनित विद्यार्थियों ने योग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने खेल कौशल का परिचय दिया। विद्यालय के चार विद्यार्थियों में 19 वर्ष आयु वर्ग में अभय, 14 वर्ष आयु वर्ग में एकलव्य, बालिका वर्ग में 19 वर्ष आयु वर्ग में अनुष्का तथा 17 वर्ष आयु वर्ग में प्रियांशी का संभाग स्तर की योग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। विद्यालय के खेल शिक्षक नितिन रामकूचे के मार्गदर्शन में विद्यार्थी निरंतर खेलों के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण एवं नियमित अभ्यास का परिणाम है कि महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। योग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन विकसित करने में भी सहायक होती हैं। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने चयनित विद्यार्थियों एवं खेल शिक्षक नितिन रामकूचे को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की निरंतर सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ते रहें तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी पूरा ध्यान दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थी आने वाले समय में संभाग एवं प्रदेश स्तर के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply