स्वावलंबन से ही विश्व में भारत की साख

अनोखा तीर हरदा। अपने पैरों पर खड़े होना तथा आत्मनिर्भर बनना हर युवा का सपना होना चाहिए। देश की सच्ची शक्ति तब ही प्रकट होती है जब उसका प्रत्येक नागरिक आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से स्वतंत्र हो और यह सब स्वदेशी स्वावलंबन के साथ नवाचार की राह से संभव हो सकता है और यही विचार संपूर्ण विश्व में साख भारत की, धाक भारत की स्थितियां निर्मित करेंगे। उक्त विचार स्वर्णिम भारत फाउंडेशन के चेयरपर्सन सतीश चावला ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा आदर्श महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अपने विशेष व्याख्यान में व्यक्त किए। विशेष वक्ता के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित स्वदेशी जागरण मंच जिला संयोजक एल एन पाराशर ने अपने संबोधन में कहा कि युवा वर्ग स्वरोजगार, स्टार्ट अप और स्थानीय नवाचार की ओर कदम बढ़ाएं। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे स्टार्ट अप इंडिया, मेक इन इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से भी अपनी आजीविका का मार्ग प्रशस्त कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकते हैं। आयोजित कार्यक्रम में प्रांतीय सह मेला प्रमुख रविलाल पटेल ने आदर्श महाविद्यालय के प्राचार्य महेंद्र सिरोही का शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन जिसके अंतर्गत तथा प्रावधानों के तहत संपूर्ण भारत में स्वदेशी मेला आयोजित होते हैं, चेयरपर्सन चावला के हरदा प्रवास पर सायंकालीन हरदा टोली की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए हरदा में आयोजन के लिए दर्शन सिंह गेहलोत को स्वदेशी मेला प्रमुख नियुक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि लगातार तीसरे वर्ष यह आयोजन 26 दिसंबर से 4 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश की समयावधि में मिडिल स्कूल ग्राउंड पर आयोजित होगा। आयोजित कार्यक्रम तथा बैठक में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राठौर, मध्यभारत प्रांत के प्रांतीय अधिकारी के रूप में रविकांत बुधौलिया, रविलाल पटेल, नर्मदापुरम विस्तारक अरुण मालवीय, नरेंद्र राठी, नरेंद्र भांबू, दर्शन सिंह गेहलोत, श्याम माहेश्वरी, योगमाया शर्मा, बसंत राजपूत, सूरज बिश्नोई, त्रिलोक शर्मा, शुभम सोमानी, आकाश लहरी एवं हरदा टोली के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply