Skip to content
Friday, 6 November 2026
हरदा

सेवा भाव से राष्ट्र निर्माण की ओर बढ़ें युवा, सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध की भावना विकसित करने के उद्देश्य से लाल बहादुर शास्त्री व्यावसायिक अध्ययन महाविद्यालय, हरदा में 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा उन्हें व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम में संस्था के उपप्राचार्य संजय भार्गव एवं पूर्व जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना हरदा जगदीश गौर ने अभियान की रूपरेखा एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत 30 दिवसीय सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, रक्तदान शिविर, जल संरक्षण, जागरूकता रैलियां तथा विभिन्न जनहितकारी एवं रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी। अभियान में ‘युवा भागीदारी और सामाजिक सरोकार को विशेष महत्व दिया गया है। विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक क्षेत्र तक सीमित न रहते हुए समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को सेवा संकल्प शपथ दिलाई गई। सभी ने समाज सेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया। नोडल अधिकारी सुश्री प्रांशु पारे ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न जनहित एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। इस पहल के माध्यम से महाविद्यालय परिसर से सेवा और सामाजिक चेतना का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के उपप्राचार्य, विभागाध्यक्ष, समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply