-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उमड़ा उत्साह
अनोखा तीर हरदा। श्री कन्हैया मंदिर गणेश उत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी से राधाष्टमी तक पांच दिवसीय गणेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को पुन: जीवंत करना एवं बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना है। आयोजक समिति के संचालक नारायण सोमानी ने बताया कि जयकृष्ण चांडक द्वारा भगवान श्री गणेश की साज-सज्जा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अभूतपूर्व योगदान दिया गया है। माहेश्वरी नवयुवक मंडल अध्यक्ष अंकित सोमानी ने बताया कि 16 सितंबर की रात्रि आयोजित भजन संध्या में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भजन संध्या में मात्र 5 वर्ष की भजन गायिका नितन्या राजपूत की मनमोहक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही और उन्होंने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित सभी का मन मोह लिया। भजन संध्या में मुरलीधर मूंदड़ा, अनिल बजाज, हेमलता मूंदड़ा, सुशील राठी, सुधा हेड़ा, कृष्ण मुरारी कोठारी, हर्षिता बांगड़ एवं नम्रता तोतला सहित समाजजनों ने भी अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। कलश राठी ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान बच्चे बढ़-चढ़कर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों एवं युवा प्रतिभाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध हो रहा है। उत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रात: 9.30 बजे एवं रात्रि 8.30 बजे भगवान श्री गणेश की आरती की जा रही है। पांच दिवसीय आयोजन का समापन राधाष्टमी के अवसर पर छप्पन भोग दर्शन एवं भजन-कीर्तन के साथ किया जाएगा। माहेश्वरी समाज के इस प्रथम प्रयास की सराहना करते हुए समाज अध्यक्ष राजीव मोहता ने युवा टीम की प्रशंसा की और कहा कि युवाओं द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है।





