अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल ने हरदा जिले सहित मध्यप्रदेशवासियों की ओर से बधाई प्रेषित की। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के साथ ही उनके जनसेवा कार्य के 25 वर्ष भी पूर्ण हो रहे हैं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई सरकार प्रमुख के रूप में उनकी सेवा यात्रा 2026 में 25 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। यह यात्रा सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का उदाहरण है और जन विश्वास की मिसाल बनी है। उन्होंने कहा कि मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सदैव राष्ट्र हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। गुजरात के विकास के बाद 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विकास और जनकल्याण की अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाया। पटेल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी है। पटेल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को मोदी ने साकार किया है।
हरदा से शुरू हुई थी स्वामित्व योजना
पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हरदा से देशभर में स्वामित्व योजना की शुरुआत की थी। 6 अक्टूबर 2021 को नेहरू स्टेडियम हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वर्चुअल जुड़े थे और आबादी भूमि का हक वितरण किया था, जिससे जिले के लगभग 54 हजार लोग लाभान्वित हुए। उन्होंने बताया कि जब वे राजस्व मंत्री थे, तब 2008 में मसनगांव में ग्रामीणों को मकान का मालिकाना हक दिलाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस तर्ज पर कार्य किया था, जिसे बाद में स्वामित्व योजना के रूप में लागू किया गया। इंदौर में मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन हितग्राहियों को पट्टे वितरित करेंगे।
गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को जोड़ा
पटेल ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और डिजिटल सेवाओं में विस्तार हुआ है। जनधन, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत जैसी पहलों से बड़ी आबादी तक सुविधा पहुंची है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और आधुनिक अधोसंरचना के माध्यम से भारत की युवा शक्ति, किसान शक्ति, नारी शक्ति और श्रम शक्ति को राष्ट्र की प्रगति का आधार बनाया जा रहा है।
मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्र समर्पण के 25 वर्ष जन विश्वास की मिसाल

0 Views

