विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर हुआ जागरुकता कार्यक्रम  

-विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, संवाद और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व की दी जानकारी

अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा विश्व आत्महत्या रोकथाम सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश गौर के निर्देशन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशा गायकवाड़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग हरदा की परामर्शदाता पारुल कासिव ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जब भी किसी व्यक्ति का मन अच्छा न हो, तो उसे किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बातचीत करनी चाहिए। मन को सकारात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखना, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना तथा मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति के साथ मित्रवत व्यवहार करना आवश्यक है। महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश गौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में मोबाइल के बजाय किसी अपने को मित्र बनाएं और अपनों से संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत और भावनात्मक सहयोग से व्यक्ति को मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सुरक्षित रहने में मदद मिलती है। महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी वीके बिछोतिया ने विद्यार्थियों को आत्महत्या के दुष्परिणामों और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय समय पर परिवार, मित्रों अथवा विशेषज्ञों से सहायता लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों अंकिता, पलक चौहान, तनीषा चौहान, अवंतिका, पंकज, प्रीतम, चेतन एवं आकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग हरदा से आरकेएसके जिला समन्वयक आशीष साकल्ले, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट गीतांजलि परमार, नर्सिंग ऑफिसर अंकित सिंह, दीपक गौर, अजय मंडलेकर एवं गणेश सराठे सहित महाविद्यालय के डॉ. राहुल सराठे, डॉ. अभिषेक तिवारी, डॉ. प्रियंका राय, डॉ. शारदा द्विवेदी तथा समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply