अनोखा तीर, हरदा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरदा नगर द्वारा गणेश उत्सव के दौरान जिले की शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में परीक्षा/पेपर आयोजित न कराने की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से अभाविप ने कहा कि गणेश उत्सव विद्यार्थियों और समाज के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व है। उत्सव के दौरान विद्यार्थी पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य व्यवस्थाओं में अपने परिवार और समाज के साथ सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। परिषद ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान कुछ विद्यालयों में त्रैमासिक अथवा आंतरिक परीक्षाएं आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव रहता है। इससे वे पढ़ाई के साथ-साथ पर्व की गतिविधियों में भी उचित रूप से भाग नहीं ले पाते। अभाविप ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि गणेश उत्सव की अवधि में जिले की किसी भी स्कूली संस्था में परीक्षा/पेपर आयोजित न किए जाएं तथा इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन नगर सहमंत्री विशाल शर्मा द्वारा सौंपा गया। परिषद ने छात्रहित एवं सांस्कृतिक आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर प्रांत कार्यकारी सदस्य आशीष राजपूत एवं मोहित जोशी, अभिषेक राजपूत एवं अन्य शामिल रहे।
गणेश उत्सव के दौरान स्कूलों में परीक्षा न कराने की मांग, सौंपा ज्ञापन

0 Views




