हरदा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

अनोखा तीर, हरदा। हरदा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने शुक्रवार को खिरकिया जनपद अध्यक्ष रानू पटेल सहित समस्त कांग्रेसजनों एवं ग्रामवासियों के साथ मिलकर ग्राम पोखरनी, सारसूद एवं भवरदी में लाखों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर विधायक निधि एवं जनपद निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया। विधायक डॉ. दोगने ने सबसे पहले ग्राम पोखरनी पहुंचकर विधायक निधि की 1.50-1.50 लाख रुपये की राशि से ग्राम में नवनिर्मित 02 सार्वजनिक छत-चबूतरा एवं ग्राम के शासकीय स्कूल में जनपद निधि की 05 लाख रुपये की राशि से नवनिर्मित बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके पश्चात ग्राम सारसूद में पंचायत भवन के पास विधायक निधि की 02 लाख रुपये की राशि से स्वीकृत सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं जनपद निधि की 6.50 लाख रुपये की राशि से स्वीकृत सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया और ग्राम भवरदी में नर्मदा मंदिर के पास विधायक निधि से 02.50 लाख रुपये की राशि से स्वीकृत सार्वजनिक चबूतरा निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के दौरान ग्रामीणजनों में उत्साह का माहौल रहा तथा ग्रामीणों ने ग्राम में किए गए विकास कार्यों के लिए हरदा विधायक डॉ. दोगने का आभार व्यक्त किया। हरदा विधायक डॉ. दोगने ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में सामुदायिक भवन, सार्वजनिक चबूतरे, स्कूलों की बाउंड्रीवॉल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाले सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विधायक निधि के माध्यम से आवश्यकतानुसार विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। विकास की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र की जनता की आवश्यकता के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। इस अवसर पर हरदा विधायक डॉ. दोगने के साथ खिरकिया जनपद अध्यक्ष रानू पटेल, विधायक प्रतिनिधि दशरथ पटेल, बद्री पटेल, अनिल सूरमा, महिपाल पटेल, क्षमा मंडराई, परसराम मंडराई, बालकृष्ण बैरागी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply