-मशीनीकृत सफाई व्यवस्था से प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और परिसर की होगी बेहतर सफाई
अनोखा तीर, हरदा। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों के साथ अब हरदा रेलवे स्टेशन पर भी आधुनिक मशीनों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल द्वारा हरदा सहित नर्मदापुरम, गुना, गंजबासौदा, विदिशा, अशोकनगर एवं संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर आउटपुट आधारित मशीनीकृत सफाई व्यवस्था के लिए निविदा आवंटित की गई है। इससे पहले इन स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था मुख्य रूप से मैनुअल तरीके से संचालित होती थी। हरदा रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, कार्यालयों सहित स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की नियमित सफाई की जा रही है। सफाई कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बैटरी चालित सफाई मशीनों, वैक्यूम क्लीनर, जेट प्रेशर मशीन तथा सिंगल डिस्क स्क्रबर-पॉलिशर जैसी आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। इन मशीनों की मदद से प्लेटफॉर्म और फर्श पर जमी धूल, गंदगी एवं दाग को कम समय में प्रभावी ढंग से हटाया जा सकेगा। बड़े क्षेत्र की सफाई भी पहले की तुलना में अधिक तेजी और बेहतर गुणवत्ता के साथ किए जाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे हरदा स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
चार प्रकार के कूड़ेदान भी होंगे उपलब्ध
रेल प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था के साथ कचरा प्रबंधन और वेस्ट डिस्पोजल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्टेशन परिसर में गीला, सूखा, सेनेटरी और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से कचरे के बेहतर पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। रेल प्रशासन द्वारा स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी और निरीक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है। आधुनिक मशीनों के उपयोग से सफाई कार्य की गुणवत्ता में सुधार के साथ बड़े क्षेत्रों की सफाई कम समय में किए जाने की उम्मीद है।
यात्रियों से सहयोग की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हरदा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा निर्धारित डस्टबिन में ही कचरा डालें। सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में यात्रियों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया गया है। स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध जनविश्वास अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।





