-पोला अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया नर्मदा स्नान
-प्राचीन शिवालयों में सुबह से लगा भक्तों का तांता
अनोखा तीर, हंडिया। धार्मिक नगरी हंडिया में सूर्य की पहली किरण के साथ ही मां नर्मदा किनारे पोला अमावस्या के अवसर पर हजारों की संख्या में नर्मदा भक्तों का हुजूम स्नान के लिए उमड़ा। ओम नम: शिवाय और हर हर नर्मदे के जयघोष से सारा नर्मदा खंड भक्तिरस से सराबोर हो गया। दूर-दूर तक शंख और घंटों की ध्वनि से सारा वातावरण भक्तिमय हो गया। नर्मदा के पवित्र जल में डुबकी लगाने के पश्चात नर्मदा किनारे बैठे दरिद्रनारायणों को अन्नदान देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। नर्मदा मैया के किनारे कुबेर द्वारा स्थापित रिद्धेश्वर महादेव मंदिर, शंकर मंदिर, कामाख्या धाम के घाटों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में नर्मदा स्नान किया जो देर शाम तक जारी रहा। यदि हम उत्तर तट के नेमावर सिद्ध क्षेत्र की बात करें तो सिद्धनाथ घाटों पर भी हजारों की संख्या में दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में नर्मदा स्नान किया व प्रसिद्ध सिद्धनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया। पोला अमावस्या के अवसर पर मंदिरों में भक्तों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। पंडित मनमोहन व्यास ने बताया कि पोला अमावस्या पितृवंश के लिए भी विशेष महत्व रखती है।





