अनोखा तीर, हरदा। जिले के धनवाड़ा गांव में एक मामूली विवाद के बाद साले ने अपने जीजा पर लकड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल जीजा की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि मृतक का नाम गुलाब उईके (38) है। वह खंडवा जिले के हसनपुरा का रहने वाला था, लेकिन कई सालों से अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ ससुराल धनवाड़ा में रह रहा था। गुरुवार रात को उसका अपने साले बाबूलाल से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान बाबूलाल ने गुलाब उईके के सिर पर लकड़ी से हमला कर दिया। घायल गुलाब को पहले खिरकिया ले जाया गया, फिर हरदा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक गुलाब की पत्नी गुड्डीबाई ने बताया कि वह अपनी सास को डॉक्टर को दिखाने खिरकिया गई थीं। जब वे वापस लौटीं तो जीजा-साले के बीच विवाद हो रहा था। जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो भाई बाबूलाल ने उनके साथ भी हाथापाई की। गुड्डीबाई के अनुसार बाबूलाल ने पति गुलाब के सिर में लकड़ी से हमला किया था, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई थी और उनकी एक आंख काली पड़ गई थी। मृतक के बड़े बेटे संजू ने बताया कि वे तीन भाई-बहन हैं। उनकी बहन की शादी हो चुकी है और एक छोटा भाई भी है।
मामूली विवाद में साले ने जीजा की हत्या की

0 Views



