नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत

अनोखा तीर, हरदा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रान्याखेड़ी गांव में गुरुवार शाम 23 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
छह महीने पहले हुई थी शादी
रान्याखेड़ी गांव के वीरेंद्र कलम ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसकी शादी रूपीपरेटिया गांव की शिवानी (23) से सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से शिवानी अपने ससुराल में परिवार के साथ रह रही थी। शाम को बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत – वीरेंद्र के मुताबिक वह गुरुवार सुबह मजदूरी के लिए घर से चला गया था। शाम को वापस लौटा तो शिवानी उल्टियां कर रही थी और उसे चक्कर भी आ रहे थे। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर जाने लगे। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही शिवानी ने दम तोड़ दिया। एसआई पुरुषोत्तम गौर ने बताया कि महिला नवविवाहिता थी, इसलिए नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

0 Views

Leave a Reply