24 घंटे में बना यूडीआईडी कार्ड

-घर पहुंचकर दी व्हीलचेयर, 3 साल बाद घर से बाहर निकले बातुल

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा जिले में घर पहुंच सेवा निरंतर प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में केंद्र की टीम ने वार्ड क्र.18 निवासी दिव्यांग बातुल शबीर हुसैन की जिंदगी में नई खुशियां भर दी। उपसंचालक सामाजिक न्याय कमलेश सिंह ने बताया कि बातुल शबीर हुसैन पिछले 3 वर्षों से पैरों से चलने में असमर्थ होने के कारण घर से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। उनके पास कोई दिव्यांगता प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेज भी नहीं था, जिससे उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। जानकारी मिलते ही जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की टीम ने इसे हॉटस्पॉट केस के रूप में चिन्हित किया। टीम ने तत्परता से मेडिकल बोर्ड से परीक्षण करवाया और भारत सरकार के पोर्टल पर यूडीआईडी के लिए आवेदन किया। विशेष बात यह रही कि पूरी प्रक्रिया मात्र 24 घंटे में पूरी कर उनका यूडीआईडी कार्ड तैयार करवाया गया और टीम स्वयं उनके घर पहुंची और उन्हें निशुल्क व्हीलचेयर प्रदान की। अब बातुल 3 साल बाद व्हीलचेयर के सहारे घर से बाहर निकल पा रहे हैं। बातुल और उनके परिजनों ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

0 Views

Leave a Reply