Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
हरदा

हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों से रिक्त पद, सुविधाएं कागजों तक सीमित

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हंडिया। हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए हरदा और खातेगांव की ओर जाना पड़ रहा है। शासन के रिकॉर्ड में यह 30 बिस्तरों वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन यहां सुविधाओं की स्थिति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से भी बदतर बनी हुई है।  स्वास्थ्य केंद्र में महिला वार्ड में केवल 10 बिस्तर लगाए गए हैं। प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को भी इसी वार्ड में भर्ती किया जाता है। वहीं अस्पताल में कई महत्वपूर्ण पद पिछले कई वर्षों से रिक्त पड़े हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक्स-रे मशीन है, ऑपरेटर नहीं
स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन तो उपलब्ध है, लेकिन रेडियोग्राफर का पद रिक्त होने के कारण मशीन का उपयोग नहीं हो पा रहा है। ऐसे में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने आने वाले मरीजों को एक्स-रे के लिए हरदा या खातेगांव जाना पड़ता है। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासन स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं और पदों की पूर्ति के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। रात्रि के समय दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की कमी के चलते जिला चिकित्सालय हरदा रेफर कर दिया जाता है। इससे गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ती है।
ये महत्वपूर्ण पद पड़े हैं रिक्त
हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शल्य चिकित्सक, महिला चिकित्सक, निशचेतना विशेषज्ञ, चाइल्ड विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ सहित कई महत्वपूर्ण पद रिक्त बताए जा रहे हैं। इसके अलावा एक्स-रे मशीन के लिए तकनीकी ऑपरेटर, ओटी स्टाफ और फार्मासिस्ट की भी कमी बताई गई है। स्वास्थ्य केंद्र में शवदाह कक्ष, शव वाहन, भोजन कक्ष, जनरेटर और ड्रेसिंग जैसी सुविधाओं का भी अभाव बताया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हंडिया क्षेत्र की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए इसी केंद्र पर निर्भर है। ऐसे में यहां पर्याप्त चिकित्सक, तकनीकी स्टाफ और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

4 Views
What do you think?

Leave a Reply