-रील बनाने के चक्कर में हुआ हादसा, 25 वर्षीय सूर्यभान की मौत
-चिमटीपुर रेस्ट हाउस के पास हुआ हादसा
तामिया (छिंदवाड़ा)। तामिया के पातालकोट क्षेत्र में चिमटीपुर रेस्ट हाउस के पास पहाड़ी खाई के समीप बाइक पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। रील बनाने के चक्कर में युवक बाइक सहित पातालकोट की गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान सूर्यभान पिता धादी खमरिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिधौली के रूप में हुई है। घटना के समय मौके पर मौजूद कुछ अन्य युवाओं और बच्चों ने युवक को बाइक सहित खाई में गिरते हुए देखा। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और ग्रामीण युवक की तलाश में पातालकोट की गहरी खाई में उतरे। काफी तलाश के बाद युवक का शव बरामद किया गया। शाम को डोली बनाकर शव को खाई से ऊपर लाया गया। मृतक का भाई भी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकालने में शामिल रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





