-स्कूल डायरेक्टर को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
अनोखा तीर, हरदा। शहर के प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थान श्री बालाजी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा की एक मासूम छात्रा के साथ महिला शिक्षिका द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हरदा नगर के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मंगलवार को परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर डायरेक्टर और प्रबंधन को एक सख्त ज्ञापन सौंपा। नगर मंत्री निकुंज शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन से त्वरित स्पष्टीकरण की मांग की। परिषद ने ज्ञापन देते हुए कहा कि स्कूल की सीसीटीवी वीडियो प्रस्तुत किया जाए, स्कूल स्तर पर इस विषय को लेकर जाँच समिति बनाई जाए तथा आरोप सिद्ध होने पर उचित कार्यवाही की जाए। वहीं परिषद ने चेतावनी देते हुए कहा कि 7 दिवस के अंदर इस विषय को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं आता है तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य रहेगा। वहीं विद्यालय के डायरेक्टर ने कहा है कि परिषद की मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही विद्यालय प्रबंधन अपनी ओर से इस विषय को लेकर स्पष्टीकरण देगा। इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ता शुभम ढोके, दानिश बिल्लौरे, धनंजय शर्मा, विशाल, प्रद्युमन, रुद्र, विकास, नवीन, आदित्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



