-शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग
अनोखा तीर, हरदा। मंगलवार को जिला पंचायत में जनसुनवाई के दौरान वृंदावन कॉलोनी निवासी दीपक सारण कई लोगों के साथ पहुंचे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से मुलाकात कर अपनी बेटी से मारपीट करने वाली शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दीपक सारण का आरोप है कि उनकी बेटी अधिष्टा बालाजी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ती है। सोमवार को एक शिक्षिका ने स्केल से उसकी पिटाई की। इसके बाद उसे करीब दो घंटे तक हाथ ऊपर करके खड़ा रखा गया। दीपक के अनुसार, बेटी के घर लौटने पर उसकी पीठ पर लाल निशान दिखाई दिए। बेटी ने बताया कि शिक्षिका ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद दीपक ने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज मांगे। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन पहले फुटेज देने के लिए तैयार हुआ, लेकिन बाद में मना कर दिया। इसके बाद दीपक थाने पहुंचे। उनका कहना है कि पुलिस ने आवेदन लेकर जांच की बात कही। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
दोनों पक्षों ने की एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत
सोमवार शाम छात्रा के पिता और स्कूल प्रबंधन ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत आवेदन दिए थे। दीपक सारण ने शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने दीपक सारण पर महिला शिक्षिकाओं से अभद्रता और गाली-गलौज करने की शिकायत की है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
बेटी से मारपीट पर पिता ने डीईओ से की शिकायत

0 Views

