अवैध शराब बिक्री पर रोक की मांग

-ग्रामीणों ने कहा – डेढ़ साल में 6 युवाओं की मौत
अनोखा तीर, हरदा। जिले के छोटी हरदा गांव के ग्रामीणों ने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिक रही शराब से युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है, जिसके कारण पिछले डेढ़ साल में छह युवाओं की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में शराब की अवैध बिक्री पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। ग्राम निवासी अनिल पटेल ने बताया कि गांव में अवैध शराब की बिक्री एक कुटीर उद्योग की तरह फल-फूल रही है, जिसका गलत असर युवाओं और मजदूरों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में घर लौटने वाले कुछ लोग अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। इससे कई परिवारों में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने एकमत होकर प्रशासन से अवैध बिक्री रोकने के साथ ही ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि शराब बेचने वालों की जानकारी पुलिस और आबकारी विभाग को दी जाएगी।

0 Views

Leave a Reply