56 की उम्र में सुनीता ने 21 हजार फीट की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा

-माउंट युनाम फतह कर रचा नया कीर्तिमान

रूबी सरकार, भोपाल। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की महिला अधिकारी सुनीता सिंह ने 80 वें स्वतंत्रता दिवस पर करीब 21 हजार फीट (6,111 मीटर) ऊंचे माउंट युनाम पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर भोपाल और प्रदेश का गौरव बढ़ा दिया। माउंट युनाम भारत में मनाली-लेह राजमार्ग पर बरालाचा ला दर्रे के पास लाहौल-स्पीति घाटी में स्थित है। यह शिखर अपने पथरीली संरचना, सीधी चढ़ाई और बर्फ के कारण इसे चुनौतीपूर्ण माना जाता है। खास बात यह है कि सुनीता सिंह 56 साल की हैं और इस उम्र में पर्वतारोहण वैसे भी काफी चुनौतीपूर्ण होता है। सुनीता ने 15 अगस्त 2026 को सुबह 9.16 बजे इस चोटी पर तिरंगा फहराया। सुनीता सिंह भोपाल स्थित स्टेट बैंक मुख्यालय में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) के पद पर कार्यरत हैं, इसलिए उन्होंने स्टेट बैंक का ध्वज भी फहराया। इस अवसर पर  श्रीमती सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उन्होंने साहस, सेवा और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों को समर्पित की है, जो एसबीआई की पहचान हैं। यह अभियान स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में और देश के दुर्गम क्षेत्रों में भी बैंक की उपस्थिति को दर्शाने के लिए किया गया। माउंट एल्ब्रुस, दक्षिण-पश्चिम रूस के काकेशस पर्वत में स्थित है। यह एक निष्क्रिय ज्वालामुखी है और 18,510 फीट (करीब 5,642 मीटर) की ऊंचाई के कारण यूरोप का सबसे ऊंचा पर्वत माना जाता है। यह पर्वत दुनिया के सात सबसे ऊंचे शिखरों में शामिल है और इसकी बर्फ से ढकी ढलानें और कठिन मौसम इसे एक चुनौतीपूर्ण चढ़ाई बनाते हैं। यहां चढ़ने के लिए न केवल तकनीकी पर्वतारोहण कौशल की जरूरत होती है, बल्कि शरीर को ऊंचाई के अनुसार ढालना भी जरूरी होता है। इससे पहले भी सुनीता सिंह ने नेपाल के माउंट लोबुचे (ईस्ट), जो लगभग 6,119 मीटर ऊंचा है, पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर वहां भी तिरंगा फहराया था। उनके पर्वतारोहण के इस जुनून के पीछे गहरी मेहनत और प्रशिक्षण भी है। उन्होंने नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, उत्तरकाशी से पर्वतारोहण का विधिवत प्रशिक्षण लिया है। सुनीता सिंह की यह उपलब्धि केवल बैंकिंग क्षेत्र के लिए ही नहीं, बल्कि सभी महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा है कि अगर लगन और तैयारी हो, तो कोई भी ऊंचाई पाई जा सकती है।

0 Views

Leave a Reply