वनग्राम झापनादेह के ग्रामीणों ने लाभांश राशि दिलाने की मांग उठाई

अनोखा तीर, हरदा। सिराली तहसील के वनग्राम झापनादेह के 40 से अधिक ग्रामीण मंगलवार को ट्रैक्टर से कलेक्ट्रेट पहुंचे और वन विभाग पर कूप कटाई की लाभांश राशि का भुगतान लंबित रखने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 115 हितग्राहियों के लगभग 20 लाख रुपये का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। ग्राम पंचायत पटाल्दा के सरपंच गुलाब काजले ने बताया कि वन सुरक्षा समिति झापनादेह के तहत कूप कटाई कार्य में शामिल ग्रामीणों को मिलने वाली 20 प्रतिशत लाभांश राशि अब तक नहीं मिली है। इससे 115 हितग्राहियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई परिवार खेती और घरेलू जरूरतों के लिए इस राशि पर निर्भर हैं। भुगतान के संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने पर केवल जल्द भुगतान का आश्वासन मिलता रहा, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली। लगातार देरी से परेशान होकर ग्रामीण किराए का ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस मामले में नाकेदार सुदीप बेड़ा ने बताया कि संबंधित वन समिति के लाभार्थियों की भुगतान सूची तैयार कर प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल झापनादेह तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की अन्य वन समितियों के लाभार्थियों का भुगतान भी लंबित है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

0 Views

Leave a Reply