-पटाखे फोड़कर की आतिशबाजी, बांटी मिठाइयां
अनोखा तीर, रहटगांव। सोमवार को मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6000 से अधिक वोटों से हराकर जीत दर्ज की। जिसके चलते कांग्रेस परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। रहटगांव बस स्टैंड चौक पर दतिया उपचुनाव की ऐतिहासिक जीत पर रहटगांव ब्लॉक कांग्रेस द्वारा पटाखे फोड़कर एवं मिठाई बांटकर खुशियां मनाई गईं और शुभकामनाएं दी गईं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत दतिया की जनता की ऐतिहासिक जीत है और दतिया की जनता ने प्रदेश को नई दिशा दी है। टिमरनी जनपद उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा लिबर्टी ने बताया कि दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत भाईचारे, ईमानदारी और सच्चाई की जीत है तथा भाजपा के घमंडी एवं हिटलरशाही रवैये की हार हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में जनता त्राहिमाम है। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रामदीन पटेल, सतीश जगनवार, परेश भारद्वाज, संतोष चौहान, जयराम चौहान, कपिल अग्रवाल, कमलेश जिनसी, राहुल शिवपुरे, बलराम गोर, विष्णु सोनी, विकास वर्मा, चौरसिया, नाथूराम मल्हारे, नीरज चौहान एवं समस्त कांग्रेस परिवार उपस्थित रहा। गौरतलब है कि यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद खाली हुई थी, जिसे कांग्रेस ने अपनी रणनीति और स्थानीय मुद्दों के दम पर बरकरार रखा।





