Skip to content
Friday, 6 November 2026
हरदा

टोकन से मिल रहा खाद, शासन की गाइडलाइन के अनुसार हो रहा वितरण

2 min read
Text Size:

-किसानों ने व्यवस्था और सरल बनाने की उठाई मांग

अनोखा तीर, मसनगांव। खरीफ सीजन में रासायनिक उर्वरकों की बढ़ती मांग के बीच क्षेत्र की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में किसानों को शासन की निर्धारित नीति एवं गाइडलाइन के अनुसार खाद का वितरण किया जा रहा है। समिति प्रबंधन के अनुसार वितरण पूरी तरह शासन के निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे खातेदार किसानों को निर्धारित मानकों के अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार प्रदेश में हाल ही में हुए किसान आंदोलन के बाद टोकन व्यवस्था को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं हुई थीं। मसनगांव समिति में सोमवार से पुन: टोकन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। किसान पहले टोकन बुक करा रहे हैं, जिसके बाद निर्धारित क्रम के अनुसार उन्हें खाद वितरित किया जा रहा है। इसके साथ ही ऑफलाइन वितरण भी शासन की गाइडलाइन के अनुसार किया जा रहा है। समिति के कर्मचारी सुरेंद्र पाटिल ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ही उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। वर्तमान में सोयाबीन उत्पादक किसानों को प्रति किसान एक बोरी डीएपी अथवा एनपी उर्वरक तथा मक्का उत्पादक किसानों को दो बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान को उसकी फसल और पात्रता के अनुसार ही उर्वरक दिया जा रहा है तथा निर्धारित मानकों से बाहर वितरण संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि आगामी रबी सीजन में भी उर्वरकों का वितरण शासन की नीति एवं गाइडलाइन के अनुसार ही किया जाएगा। यदि शासन स्तर से नई गाइडलाइन जारी होती है तो उसी के अनुरूप व्यवस्था में आवश्यक परिवर्तन किए जाएंगे। वहीं किसानों का कहना है कि टोकन आधारित व्यवस्था से विशेष रूप से छोटे एवं कम पढ़े-लिखे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान राधेश्याम विश्वकर्मा ने बताया कि कई किसानों को टोकन बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने से उन्हें बार-बार समिति के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने सरकार से वितरण व्यवस्था को और सरल बनाने की मांग की, ताकि सभी किसानों को समय पर और आसानी से खाद उपलब्ध हो सके। खरीफ सीजन में सोयाबीन और मक्का फसलों के लिए उर्वरकों की मांग अधिक बनी हुई है। किसानों ने समय पर खाद उपलब्ध कराने के साथ-साथ वितरण प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने की आवश्यकता जताई है।

9 Views
What do you think?

Leave a Reply