महिलाओं की सुरक्षा, बाल विवाह निषेध एवं नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन तथा वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुचिता इक्का के नेतृत्व में सोमवार को जनपद पंचायत हरदा के सभाकक्ष में वन स्टॉप सेंटर द्वारा विधि एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, विदिशा के सहयोग से एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, शासन की योजनाओं, कानूनी प्रावधानों, बाल विवाह निषेध एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में सुचिता इक्का ने वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि हिंसा से प्रभावित महिलाओं को केंद्र के माध्यम से परामर्श, नि:शुल्क विधिक सहायता, अस्थायी आश्रय, चिकित्सा सहायता तथा पुलिस सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के साथ ही बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के राकेश वर्मा, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मयंक काले, पैरा लीगल वालंटियर सुरेंद्र कौर तथा ब्रह्मकुमारी किरण दीदी ने नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। इसके कारण घरेलू हिंसा, आर्थिक संकट, अपराध एवं सामाजिक विघटन जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आवश्यकता पड़ने पर नर्मदापुरम स्थित नशा मुक्ति केंद्र की उपचार एवं परामर्श सेवाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर रितु राजपूत ने सभी वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की महिला हितग्राही, उनके परिवारजन, केस वर्कर राजु तंवर सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

0 Views

Leave a Reply