मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत जिले में 7 अगस्त से शुरू होंगे शिविर

अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत जिले में 7 अगस्त से शिविरों का आयोजन शुरू होगा। अभियान का उद्देश्य आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करना है। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के दौरान मंत्री, मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर जनता से संवाद करेंगे तथा शासकीय योजनाओं और सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन का आकलन करेंगे। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार विशेष फील्ड भ्रमण किया जाएगा। भ्रमण से पहले संबंधित क्षेत्र में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा। भ्रमण के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का भी यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाएगा। अभियान की नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर पर होगी। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में विकासखंडवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण में 7 अगस्त को खिरकिया विकासखंड के चारूवा, 14 अगस्त को हरदा विकासखंड के सोनतलाई तथा 21 अगस्त को टिमरनी विकासखंड के करताना में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार इसके बाद सितंबर से जनवरी तक जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित होंगे। इनमें खिरकिया, हरदा और टिमरनी विकासखंड के चयनित ग्रामों में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहकर शिकायतों का निराकरण करेंगे तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी भी देंगे।
शहरी क्षेत्रों में भी लगेंगे शिविर
जिले के शहरी क्षेत्रों में भी मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार 4 सितम्बर को टिमरनी रैन बसेरा, 2 अक्टूबर को सिराली रैन बसेरा, 25 दिसम्बर को खिरकिया प्रगति स्कूल ग्राउंड तथा 8 जनवरी 2027 को हरदा नगर पालिका परिसर में शिविर लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply