अनोखा तीर, हरदा। शासन द्वारा 16 जून से 15 अगस्त 2026 तक घोषित बंद ऋतुकाल के दौरान मत्स्य विक्रय एवं परिवहन पर प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर पुलिस और मत्स्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डेढ़ क्विंटल अवैध मछली तथा एक कार जब्त की है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशों के पालन में 2 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे कोतवाली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान इन्डिगो कार क्रमांक एमपी 04 केजी 2722 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से अवैध रूप से ले जाई जा रही लगभग डेढ़ क्विंटल मछली बरामद हुई। पुलिस ने मछली परिवहन कर रहे नफीस पिता गफूर कुरैशी एवं वाहन चालक नदीम पिता कदीर खान, निवासी हरदा, को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। सूचना मिलने पर मत्स्य विभाग के सहायक मत्स्य अधिकारी सुशील गौर मौके पर पहुंचे और मछली की विधिवत जब्ती की। जब्त मछली की तत्काल नीलामी कराई गई, जिससे प्राप्त 6 हजार रुपये की राशि चालान के माध्यम से म.प्र. ट्रेजरी के ‘अवैध मत्स्याखेटÓ मद में जमा कराई गई। सहायक मत्स्य अधिकारी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश नदीय मत्स्योद्योग नियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत हरदा कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंद ऋतुकाल में मछली का शिकार, विक्रय एवं परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध मछली परिवहन पर कार्रवाई, डेढ़ क्विंटल मछली और कार जब्त

0 Views




