वर्षा ऋतु में रोगों से बचाव हेतु जनजागरूकता स्वास्थ्य शिविर आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के निर्देशन में वर्षा ऋतु में होने वाले जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से जनजागरूकता स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आयुष विंग की डॉ. प्रियंका मीना वर्मा द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को वर्षा ऋतु में स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान श्रीमती पूनम भोसले एवं यशवंत ढोलिया एवं आंगन वाड़ी कार्यकर्ता शबीना अली ने सहयोग प्रदान किया। डॉ. प्रियंका मीना वर्मा ने बताया कि वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दस्त एवं वायरल बुखार जैसी बीमारियों से बचाव के लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें, स्वच्छ एवं उबला हुआ पानी पीएं, ताजा एवं ढका हुआ भोजन करें, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ अवश्य धोएं तथा मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी या रिपेलेंट का उपयोग करें। उन्होंने तेज बुखार, लगातार उल्टी-दस्त या अन्य गंभीर लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह भी दी। शिविर में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयुर्वेदिक परामर्श एवं औषधियों का लाभ प्राप्त किया।

0 Views

Leave a Reply