मूंग खरीदी की मांग को लेकर भाकिसं का धरना आठवें दिन भी जारी

अनोखा तीर, हरदा। मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का अनिश्चितकालीन धरना आठवें दिन भी जारी रहा। संगठन ने आठवें दिन आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए तहसील स्तर पर प्रदर्शन किया। जिला प्रवक्ता राजनारायण गौर ने बताया कि संगठन ने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए दूसरे चरण में सात दिन तक और आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए दूसरे दिन सद्बुद्धि यज्ञ एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। चौथे दिन दंडवत प्रणाम यात्रा निकाली गई, जबकि पांचवें दिन रक्तदान शिविर आयोजित करने का प्रयास किया गया। संगठन का आरोप है कि इस आयोजन में प्रशासन का सहयोग नहीं मिला, जिसके बाद विरोध स्वरूप थाली बजाकर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि सातवें दिन व्यापारी संगठन के समर्थन से बाजार एवं मंडी बंद रखी गई। इसके बाद आठवें दिन से आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत की गई। संगठन का कहना है कि अब तक शासन-प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।

0 Views

Leave a Reply