हरदा का एग्री-फॉरेस्ट मॉडल अपनाएगा उत्तर प्रदेश एफपीओ महासंघ

अनोखा तीर, हरदा। वरिष्ठ पर्यावरणविद एवं प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर मुकाती के नेतृत्व में रुपई एग्रीफॉरेस्ट द्वारा विकसित पौधरोपण मॉडल को अब अन्य राज्यों में भी अपनाने की पहल शुरू हो गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश एफपीओ महासंघ एवं जया फाउंडेशन के प्रतिनिधि रजनीकांत तथा राजीव गांधी फाउंडेशन के रमेश मिश्रा परियोजना का अध्ययन करने के लिए रुपई कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधियों ने परियोजना के डाटा संग्रहण, फील्ड कार्य और कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस मॉडल का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना है। गौरीशंकर मुकाती ने बताया कि शीघ्र ही हरदा में देशभर के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें पर्यावरण विशेषज्ञों, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा शासकीय नीति-निर्माताओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पौधरोपण एवं कार्बन संचयन से जुड़े इस मॉडल को शासन की योजनाओं से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस दिशा में मुख्य रूप से निजी कंपनियां कार्य कर रही हैं। शासन की कार्बन संचयन संबंधी नीतियां भी हैं, लेकिन उन्हें और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि किसानों को व्यापक स्तर पर इसका लाभ मिल सके। सम्मेलन में इस संबंध में एक ब्लूप्रिंट तैयार कर शासन को भेजने की योजना है।

0 Views

Leave a Reply