बुखार की दवा समझकर चूहामार दवा खा ली, 10 वर्षीय बालक की मौत

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम कोथमी में 10 वर्षीय बालक की शुक्रवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बालक ने कथित तौर पर बुखार की दवा समझकर चूहामार दवा का सेवन कर लिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम कोथमी निवासी अनारसिंह कलम ने बताया कि उनके छह बच्चों में चौथे नंबर के बेटे विकास कलम को दो दिनों से बुखार था। गुरुवार सुबह उसने बुखार की दवा समझकर गलती से चूहामार दवा खा ली। दवा खाने के कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे सिराली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हरदा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घटना के समय विकास के माता-पिता खेत में मक्का लगाने गए थे। उनकी बड़ी बहन दुर्गा ने खेत पहुंचकर विकास की तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी। घर लौटने पर पूछताछ में विकास ने बताया कि उसने गलती से चूहामार दवा खा ली थी। डॉक्टरों के अनुसार, बालक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, शव को मर्चुरी में रखा गया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

0 Views

Leave a Reply