जिले की 09 परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू, आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई

नियुक्ति की प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in के माध्यम से की जाएगी

देवास, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग अन्तर्गत देवास जिले की 09 बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिले में कुल 16 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं 35 आंगनवाड़ी सहायिकाओं की नियुक्ति की जाएगी। नियुक्ति की यह प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन द्वारा निर्मित चयन पोर्टल https://chayan.mponline.gov.in (वर्ष 2026 फेस-01) के माध्यम से पूरी की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की प्रारम्भ तिथि 01 जुलाई 2026 तथा अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 है। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। नियुक्ति से संबंधित नियम, निर्देश, शर्तें, शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक अर्हताओं की विस्तृत जानकारी चयन पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आवेदन करने से पूर्व सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह नियुक्ति प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है, जिससे पात्र महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जा सकें।

उन्होंने बताया कि आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं सहायिका की नियुक्ति के लिए अनिवार्य योग्यता ग्रामीण क्षेत्र में उसी राजस्व ग्राम की तथा शहरी क्षेत्र में उसी वार्ड की स्थाई निवासी होना आवश्यक है। नियुक्ति हेतु अनिवार्य योग्यता कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। नियुक्ति के लिए निवास के संबंध में विवाहिता होने पर पति का निवास स्थान एवं अविवाहित होने पर पिता के निवास के दस्तावेज ही मान्य किये जायेंगे। गरीबी रेखा, विधवा, परित्यक्ता एवं स्नातक संबंधी शैक्षणिक योग्यता के अंक सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र, अंकसूची अपलोड करने पर ही प्रदाय किये जायेंगे। नियुक्ति से संबंधित कोई आवेदन या दस्तावेज विभागीय कार्यालयों में जमा नहीं किये जायेंगे, जो दस्तावेज ऑनलाइन होंगे उन्हीं पर विचार करते हुए नियुक्ति की कार्यवाही की जायेगी।

0 Views

Leave a Reply