अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगासन के साथ दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में जिले में 17 से 26 जून तक ‘नशा मुक्ति सप्ताहÓ के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति संगोष्ठी एवं नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, युवाओं एवं प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया। योगाभ्यास के साथ नशा मुक्ति का संदेश देकर समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। उपसंचालक कमलेश सिंह ने बताया कि जिले में विभिन्न विभागों, स्कूलों, कॉलेजों, स्वैच्छिक संस्थाओं एवं धार्मिक संगठनों में गठित लगभग 25 नशा मुक्ति मास्टर ट्रेनर एवं 50 मास्टर वॉलिंटियरों के माध्यम से व्यापक जनजागरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से फुटबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिताओं, विद्यार्थियों के लिए नशा मुक्ति विषयक चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं तथा युवाओं के लिए ओपन माइक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे की प्रवृत्ति से दूर कर स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज का निर्माण करना है।

0 Views

Leave a Reply