-युवाओं व महिलाओं ने किया 24 यूनिट रक्तदान, नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
अनोखा तीर, हरदा। माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित चार दिवसीय महेश नवमी महोत्सव के द्वितीय दिवस रविवार को सेवा, संगठन और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। महोत्सव के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में समाज के युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 24 यूनिट रक्तदान किया। इसके बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में मध्यांचल माहेश्वरी संगठन के उपसभापति विजय राठी एवं प्रादेशिक महिला संगठन की प्रकल्प प्रमुख उर्मिला सादानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने सभी पदाधिकारियों को संगठन एवं समाज हित में कार्य करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विजय राठी ने कहा कि सेवा, त्याग और सदाचार किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार झाड़ू बंधी रहती है तो सफाई का कार्य करती है और खुल जाने पर स्वयं कचरा बन जाती है, उसी प्रकार समाज को भी संगठित रहकर आगे बढ़ना चाहिए। संगठन की एकजुटता ही समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में माहेश्वरी समाज हरदा, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संगठन, माहेश्वरी नवयुवती संगठन, खिरकिया इकाई तथा जिला स्तरीय संगठनों के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं में दिखेगा प्रतिभाओं का प्रदर्शन
महोत्सव के तृतीय एवं चतुर्थ दिवस पर महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को दोपहर 3 बजे से रूई के गहने बनाना, भगवान की पिछवाई सजावट, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्माÓ कॉमेडी प्रस्तुति, बच्चों के लिए क्ले से शिवलिंग निर्माण, लिखित एवं खेल आधारित प्रतियोगिताएं तथा गीता श्लोक प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके अलावा शाम 5 बजे से सिविल लाइन स्थित खेल भवन में बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी। वहीं रात्रि 9 बजे से कपल गेम, एक मिनट गेम और सरप्राइज गेम का आयोजन किया जाएगा।
समाजजन बढ़-चढ़कर ले रहे भाग
आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में समाजजन उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में माहेश्वरी समाज, माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संगठन एवं माहेश्वरी नवयुवती संगठन के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति ने समाज के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।





