अनोखा तीर, हरदा। अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उपस्थित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, संयुक्त कलेक्टर सतीश राय एवं रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव नागू, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में खेड़ीपुरा निवासी लक्ष्मीनारायण ने गुप्तेश्वर मंदिर एवं खेड़ीपुरा स्कूल में पेयजल व्यवस्था की मांग की, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सुदामा नगर के निवासियों ने भी पेयजल समस्या को लेकर आवेदन दिया, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम सन्यासा निवासी रतनसिंह राजपूत ने सन्यासा से भीलटदेव रोड निर्माण में पानी की निकासी नहीं होने के कारण खेत में पानी भरने की शिकायत की, जिस पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए।

