नाबालिग को इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल में फंसाया, 10 लाख ठगे

– ऑनलाइन गेमिंग में उड़ाई रकम, आरोपी और महिला सहयोगी गिरफ्तार

अनोखा तीर, देवास। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग से 10 लाख रुपए की ठगी हुई। शादी का झांसा देकर आरोपी युवक ने नाबालिग लड़की का भरोसा जीता और उससे करीब 8 से 10 लाख रुपए के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी हासिल कर लिए। बाद में आरोपी ने ठगी से मिली रकम का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दिया। मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी और उसकी सहयोगी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन निवासी एक महिला ने औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी नाबालिग पोती के कारण उसके बैंक खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर हो गई है। जांच में सामने आया कि खाते में केवल 19 रुपए बचे थे, जबकि लाखों रुपए आशीष डामोर नामक युवक के खाते में पहुंच चुके थे। पुलिस जांच में पता चला कि नाबालिग की पहचान दिसंबर 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए आशीष डामोर से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। आरोपी ने शादी का वादा कर नाबालिग का विश्वास जीता और रुपए दोगुना कर लौटाने का लालच दिया। इसके बाद उसने नाबालिग से उसके दादा-दादी के बैंक खातों से करीब 8 से 10 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि भरोसे में आकर नाबालिग घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी आरोपी को देती रही। आरोपी ने भावनात्मक रूप से उसका फायदा उठाते हुए जेवर अपने कब्जे में कर लिए। रकम और आभूषण हासिल करने के बाद उसने नाबालिग से संपर्क खत्म कर दिया। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था। उसने ठगी से प्राप्त रकम का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दिया। लगातार नुकसान होने के बाद वह नाबालिग से और रुपए तथा आभूषण हासिल करता रहा। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर पिता जोसेफ डामोर 24 वर्ष निवासी न्यू इन्द्रानगर मालनवाला, उज्जैन, हाल मुकाम ओम सांई विहार, देवास को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से उज्जैन का निवासी है और देवास में अपनी बहन के यहां रह रहा था। नाबालिग से लिए गए कुछ आभूषण उसने अपनी बहन को भी दे दिए थे।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!