अनोखा तीर, हरदा। भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन फसल मूंग एवं उड़द के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन 25 मई से 15 जून 2026 तक किया जाएगा। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार खरीदी केंद्रों पर फसल विक्रय से पूर्व किसान की पहचान आधार-सक्षम पीओएस मशीन या मोबाइल एप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा सत्यापित की जाएगी। यदि किसान स्वयं खरीदी केंद्र पर उपस्थित नहीं हो सकता है, तो वह पंजीयन के समय अधिकतम तीन अधिकृत व्यक्तियों के नाम एवं आधार नंबर दर्ज करा सकता है। अधिकृत व्यक्ति किसान की फसल बेच सकेंगे, लेकिन उनका भी फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य होगा। उपज का भुगतान केवल पंजीकृत किसान के बैंक खाते में ही किया जाएगा। एक व्यक्ति अधिकतम तीन किसानों का अधिकृत प्रतिनिधि बन सकता है। जिला उपार्जन समिति द्वारा जिले में 49 पंजीयन केंद्र तथा 50 सीएससी/एमपी ऑनलाइन केंद्र स्थापित किए गए हैं। अब तक जिले के 20,045 किसानों द्वारा 55,701.79 हेक्टेयर क्षेत्र का पंजीयन कराया जा चुका है। कृषि विभाग ने शेष किसानों से निर्धारित समयावधि के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है। पंजीयन संबंधी किसी भी समस्या के लिए तकनीकी सहायक तुलसीराम बरबड़े मो. 9926985277 से संपर्क किया जा सकता है।

