-राज्यसभा के प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र दाखिल कराया
अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों व वरिष्ठ नेतृत्व के साथ सोमवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन दाखिल कराया। इससे पहले राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट ने प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर पार्टी के पितृ पुरूष पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ माल्यार्पण किया। राज्यसभा प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की तीनों रिक्त हो रही सीटों के लिए अपने प्रत्याशी चुनाव में उतारे हैं। भाजपा के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी विजयी होंगे। प्रभु श्रीराम ने निषादराज को गले लगाकर उनको सम्मान देने का कार्य किया था। भाजपा ने प्रभु श्रीराम की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा के तीनों प्रत्याशियों की राज्यसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित है। भाजपा पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ राज्यसभा चुनाव लड़ रही है। हमारी पार्टी के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल है। भाजपा के राज्यसभा प्रंत्याशी महेश केवट ने कहा कि सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाना भाजपा की कार्यकर्ता आधारित कार्य संस्कृति का प्रमाण है। पार्टी संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
भाजपा के विजय अभियान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगा मध्यप्रदेश : मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मध्यप्रदेश की रिक्त हो रही तीनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है। हर पार्टी चुनाव जीतने के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतरती है। भाजपा भी तीनों सीटों को जीतने के लिए चुनावी मैदान में है। भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीटों को जीतकर पार्टी के विजय अभियान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा। हमारी पार्टी के प्रत्याशी महेश केवट मध्यप्रदेश के सभी दलों से वोट देने की अपील करेंगे। विजय अभियान के गौरवशाली परंपरा के अनुसार ही पार्टी संगठन ने तीसरा प्रत्याशी चुनाव में उतारकर संकल्प लिया है कि हम राज्यसभा की तीनों सीटों पर विजयी होंगे। पार्टी नेतृत्व ने समर्पित कार्यकर्ता महेश केवट को राज्यसभा का तीसरा उम्मीरवार बनाया है। राज्यसभा प्रत्याशी महेश केवट बाल्यकाल से स्वयंसेवक रहे हैं। वह अखिल भारती विद्यार्थी परिषद, पार्टी के युवा मोर्चा सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बहुत ईमानदारी व कुशलता के साथ निर्वहन किया है। भगवान श्री राम का आशीर्वाद फिर एक बार निषादराज की परंपरा को कायम करते हुए रामराजा की नगरी ओरछा के महेश केवट को मिल रहा है। भगवान श्रीराम के रामराज्य का स्मरण कराते हुए भाजपा ने सभी वर्गों की समानता व सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। मध्यप्रदेश की जनता की ओर से उन्हें राज्यसभा चुनाव में विजयी होने की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।

